स्थानीय विकास खंड के भटवारा खुर्द गांव में ग्राम पंचायत की ओर से लगभग चार लाख रुपये की लागत से निर्मित भव्य स्वागत गेट का शनिवार देर शाम लोकार्पण किया गया। क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने शिलापट्ट से पर्दा हटाकर व फीता काटकर गेट का उद्घाटन किया। इस दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
लोकार्पण के बाद विधायक ने ठंड को देखते हुए गांव के गरीब व असहाय लोगों को कंबल वितरित किए। कुल 200 जरूरतमंदों को कंबल दिए गए, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि “गांवों का विकास ही प्रदेश के विकास की नींव है। सरकार और जनप्रतिनिधि मिलकर हर गांव में मूलभूत सुविधाएं और सम्मानजनक पहचान देने का काम कर रहे हैं। भटवारा खुर्द का यह स्वागत गेट गांव की एकता और प्रगति का प्रतीक बनेगा।” उन्होंने आगे कहा कि गरीब और असहायों की मदद करना उनकी प्राथमिकता है और ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति असहाय न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं ग्राम प्रधान निखिल पटेल ने कहा कि “ग्राम पंचायत के सहयोग से गांव के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए यह गेट बनवाया गया है। विधायक के सहयोग से आज इसका लोकार्पण हुआ, जिससे पूरे गांव में खुशी का माहौल है। आगे भी विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।”
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान राजीव पाठक, विजयानंद द्विवेदी, संजय सिंह, शिवदयाल सिंह, राजकुमार पटेल, अरबिंद पटेल, केशनाथ, यशपतिराम, सुखदेव राम, मनोहर, दीपू मौर्या, सबलू पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।