Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

बीडीसी ने पत्नी की हत्या कर दी पुलिस को सूचना, फिर हुआ फरार…… मौके पर पहुंची CO व इंस्पेक्टर

सकलडीहा। क्षेत्र के बथावर गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मौजूदा बीडीसी सदस्य भगवानदास यादव ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि उसने पत्नी के सिर पर धारदार हथियार से वार कर उसकी जान ले ली।

हत्या के बाद आरोपी ने स्वयं थाने में फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस टीम के पहुँचने से पहले ही वह मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

घटना की सूचना पर सकलडीहा की क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्नेहा तिवारी, थानाध्यक्ष सकलडीहा के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचे। सीओ ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

गाँव वालों और सूत्रों के अनुसार, आरोपी भगवानदास यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2014 में वह सकलडीहा पीजी कॉलेज के छात्र नेता बबलू पर गोली चलाने के मामले में जेल जा चुका है। यही नहीं, बताया जाता है कि पिछले कई वर्षों से वह अपराधियों की संगत में रहकर लूटपाट और अन्य घटनाओं को अंजाम देता रहा है।

सूत्रों का कहना है कि गाँव के ही एक आपराधिक प्रवृत्ति के युवक के साथ मिलकर उसने कई घटनाओं को अंजाम दिया है। यही नहीं, हाल के महीनों में जेल जा चुके एक अन्य अपराधी के साथ मिलकर क्षेत्र में वसूली का खेल भी चला रहा था।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। वहीं, आरोपी की तलाश में कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

विज्ञापन…………..

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *