शिक्षिका को पड़ा महंगा, पीएम मोदी व सीएम योगी पर अभद्र टिप्पणी, प्रधानाध्यापिका पर मुकदमा दर्ज; BSA ने किया निलंबित
सिराथू (कौशांबी)। लखनऊ, पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क
बीआरसी सिराथू क्षेत्र के रूपनारायणपुर सैलाबी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापिका ने हिंदू धर्म के अलावा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी की पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित की। इसे लेकर एबीएसए सिराथू नीरज कुमार ने कोखराज थाना में प्रधानाध्यापिका के खिलाफ केस दर्ज कराया। साथ ही बीएसए ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

रूपनारायणपुर सैलाबी स्थित प्राथमिक विद्यालय में वर्षा देवी प्रधानाध्यापिका के पद पर तैनात हैं। एबीएसए नीरज कुमार ने बताया कि 25 व 26 मई को उन्होंने वाट्सअप समेत अन्य इंटरनेट मीडिया में कई पोस्ट प्रसारित की। जिसमें प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के अलावा हिंदू धर्म व धार्मिक ग्रंथों को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई है।

मामला सुर्खियों में आया तो कई हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने इसे ट्वीट करते हुए प्रधानाध्यापिका पर कार्रवाई की मांग भी की। बीएसए ने इसे गंभीरता से लिया। उनके आदेश पर एबीएसए सिराथू ने कोखराज थाना में प्रधानाध्यापिका के खिलाफ केस दर्ज कराया। वहीं बीएसए डा. कमलेंद्र कुशवाहा का कहना है कि प्रधानाध्यापिका को निलंबित भी कर दिया गया है।



