अब गांवों में होगी विकास की रेस! चंदौली की पंचायतों को मिलेगा CM पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार, डीएम ने जारी की गाइडलाइन…….100 अंकों की परीक्षा में उतरेंगी ग्राम पंचायतें, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा मुख्यमंत्री पुरस्कार
चंदौली। जिले की ग्राम पंचायतों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब विकास कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सभी खंड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) और ग्राम पंचायतों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में किए गए विकास कार्यों के आधार पर पंचायतों का मूल्यांकन होगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों को पंचायत राज विभाग के पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। मूल्यांकन 100 अंकों के मानकों पर किया जाएगा, जिसमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सुशासन, आत्मनिर्भरता, जल संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा, हरित विकास और बुनियादी सुविधाओं सहित नौ प्रमुख थीम शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी ग्राम पंचायतें समयबद्ध तरीके से आवेदन करें और विकास कार्यों से संबंधित अभिलेख एवं साक्ष्य पोर्टल पर अपलोड करें। पहले जिला स्तर पर चयन होगा, इसके बाद चयनित पंचायतों का प्रस्ताव राज्य स्तर पर भेजा जाएगा, जहां अंतिम निर्णय लिया जाएगा।




