Monday, July 13, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया- लक्ष्मी चैरिटेबल सेंटर में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, अस्पताल के बाहर परिजनों का हंगामा…….. अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, शव रखकर किया प्रदर्शन, पुलिस ने कराया शांत

 

चकिया (चंदौली)। क्षेत्र के सोनहुल स्थित लक्ष्मी चैरिटेबल सेंटर में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत होने पर रविवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए सोनहुल-नंदूपुर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार नेवाजगंज गांव निवासी 60 वर्षीय मालती देवी, पत्नी स्व. राम निहोर, को 9 जुलाई को पथरी के इलाज के लिए लक्ष्मी चैरिटेबल सेंटर में भर्ती कराया गया था। 10 जुलाई को उनका ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान 11 जुलाई की रात उनकी मौत हो गई।

रविवार शाम परिजन शव लेकर अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क पर भी जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही चकिया पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मरीज की हालत गंभीर होने पर समय रहते मैक्सवेल केंद्र रेफर किया गया था।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *