चंदौली – 15 दिन में सुधार नहीं तो जाएगी नौकरी, पंचायत सहायकों को नोटिस जारी करने का निर्देश………3 महीने से ऑनलाइन उपस्थिति में है 26 गायब पंचायत सहायक, DPRO ने एडीओ पंचायतों को पत्र किया जारी
डीपीआरओ के पत्र के बाद एडीओ पंचायतों ने की कार्रवाई
चहनियां व शहाबगंज को छोड़ अन्य विकास खंडों में नोटिस जारी
3 महीने से ऑनलाइन उपस्थिति में है गायब पंचायत सहायक
चंदौली। जिले में लगातार अनुपस्थित चल रहे पंचायत सहायकों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) के निर्देश पर चकिया और शहाबगंज को छोड़कर अन्य सभी विकास खंडों के एडीओ पंचायतों को पत्र जारी किया गया। इसके बाद संबंधित एडीओ पंचायतों ने अपने-अपने विकास खंड के पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

नोटिस में पंचायत सहायकों से बिना सूचना लंबे समय तक अनुपस्थित रहने का कारण पूछा गया है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि 15 दिनों के भीतर नियमित उपस्थिति एवं कार्य में सुधार सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने अथवा संतोषजनक जवाब न मिलने पर सेवा बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार ने पंचायत सहायकों की उपस्थिति की समीक्षा के बाद यह कदम उठाया है। समीक्षा में कई पंचायत सहायक तीन माह से अधिक समय से अनुपस्थित पाए गए। इसे शासन की योजनाओं के संचालन और ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली के लिए गंभीर लापरवाही माना गया है।




