चकिया – सैदूपुर में ज्वेलरी दुकान पर लूट की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने दो संदिग्धों को पकड़वाया…….महिला के शोर मचाने पर जुटी भीड़, तीसरे की तलाश जारी, कोतवाली पुलिस के कहानी का इंतजार….
चकिया (चंदौली)। चकिया कोतवाली क्षेत्र के सैदूपुर कस्बे में बुधवार दोपहर ज्वेलरी दुकान पर कथित लूट के प्रयास की घटना से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और महिला को अकेला पाकर वारदात का प्रयास किया। हालांकि महिला की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से मामला बिगड़ गया और दो संदिग्ध पुलिस की पकड़ में आ गए। पुलिस की आधिकारिक कहानी और बयान का इंतजार है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सैदूपुर स्थित गोलू ज्वेलरी दुकान पर उस समय दुकान मालिक बाहर थे और दुकान पर उनकी पत्नी पूजा वर्मा मौजूद थीं। इसी दौरान तीन युवक दुकान में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला को काबू में कर दुकान में रखे जेवरात लूटने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि महिला ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ जुटती देख युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का दावा है कि उसके पास से देसी कट्टा और कारतूस भी मिला।
सूचना पर पहुंची चकिया पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और दूसरे संदिग्ध को सरैया गांव के पास पकड़ लिया। जबकि तीसरा युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पकड़े गए युवकों की पहचान मनीष यादव और संदीप चौधरी, निवासी अकोढ़ी थाना रामगढ़, जिला भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। घटना में प्रयुक्त बताई जा रही बाइक भी मौके से बरामद होने की चर्चा है।