चहनिया (चंदौली)। ग्राम पंचायतों में बदहाल सफाई व्यवस्था और अनियमितताओं पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा ने गुरुवार को विकास खंड के डिठौरा, रमौली, लक्ष्मणगढ़ और रतनपुर ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर खामियां उजागर हुईं।
निरीक्षण के दौरान गांवों में जगह-जगह गंदगी का अंबार मिला। पंचायत भवनों में आवश्यक अभिलेखों का संधारण नहीं पाया गया, जबकि कुछ भवन बंद मिले। कई स्थानों पर शौचालय अधूरे या अनुपयोगी थे और सामुदायिक शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई।
इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने छह सफाईकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं ग्राम पंचायत सचिव आशुतोष सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा सचिव सतीश कुमार सिंह, विवेक कुमार गौतम, नरेंद्र कुमार, लोकनाथ यादव, अनिलेश गुप्ता और पंकज कुमार यादव के विरुद्ध भी लापरवाही प्रमाणित होने पर विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ ने पंचायत भवनों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गांवों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और साफ-सफाई, शौचालय संचालन व विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जाए।
डीपीआरओ नीरज सिन्हा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि पंचायतों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदारी में कोताही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।