चकिया – आयोजित हुआ विशाल शिविर, 700 मरीजों ने कराया पंजीकरण जांच के बाद 500 को मिला चश्मा……..200 का किया गया चयन, होगा आपरेशन, भाजपा नेता का सराहनीय प्रयास
स्वस्थ आंखें बेहतर जीवन की नींव होती हैं- छत्रबली सिंह
शहाबगंज, चंदौली।
विकास क्षेत्र के तियरी गांव स्थित एसआरवीएस कृषि महाविद्यालय परिसर में रविवार को विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आंखों की जांच, जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मा वितरण और मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह के नेतृत्व में हुआ, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

शिविर में करीब 700 लोगों ने पंजीकरण कराया। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव और डॉ. ए.के. चौबे ने मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के बाद 500 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया, जबकि 200 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।
इस अवसर पर छत्रबली सिंह ने कहा कि स्वस्थ आंखें बेहतर जीवन की नींव होती हैं। हमारा प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में पीड़ा न सहे। चयनित सभी मोतियाबिंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन वाराणसी स्थित प्रभावती नेत्र अस्पताल में कराया जाएगा। आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।






