Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली -“एक पल में उजड़ गया घर का सपना, छत गिरते ही मालिक की मौत”……“ढलाई के दौरान बड़ा हादसा

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार को निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। छत की ढलाई के दौरान पर्याप्त सहारा न होने से अचानक पूरा स्लैब भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से मकान मालिक हकीमुल्ला (50) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि हकीमुल्ला अपने नए मकान का निर्माण कार्य करा रहे थे। मंगलवार को छत की ढलाई का काम चल रहा था। आरोप है कि नीचे से मजबूत बल्लियां और सपोर्ट नहीं लगाए गए थे। इसी दौरान ताजा डाली गई छत अचानक धंस गई और पूरा स्लैब नीचे आ गिरा। मलबे में दबने से हकीमुल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में मौजूद कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।

मृतक अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *