Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली DM ने की बडी़ कार्रवाई….2 हुए जनपद से जिला बदर…….छह माह तक जिले की सीमा में एंट्री पर रोक, इलिया व कन्दवा के रिपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई

चन्दौली।

जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने एसपी आदित्य लाग्हे के पत्र पर  दो आदतन, पेशेवर व मनबढ़ अपराधियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। दोनों अपराधियों को छह माह के लिए जनपद की भौगोलिक सीमाओं से निष्कासित किया गया है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि जिला बदर किए गए अपराधी इस अवधि में चन्दौली की सीमा में पाए गए या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त दिखे, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार इन पर पैनी नजर बनाए हुए है।

पहला मामला थाना कन्दवा क्षेत्र का है। यहां के आदतन अपराधी विकास बिन्द उर्फ अश्विनी पुत्र सुदर्शन बिन्द निवासी ग्राम कन्दवा (उम्र लगभग 24 वर्ष) को जिला बदर किया गया है। अभियुक्त के खिलाफ थाना कन्दवा और गाजीपुर के जमानिया थाने में गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, एससी/एसटी एक्ट, अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं।

दूसरा जिला बदर अभियुक्त थाना इलिया क्षेत्र का चन्द्रशेखर उर्फ पिंटू चौहान पुत्र रामप्रकाश उर्फ रेवड़ी चौहान निवासी ग्राम डेहरी खुर्द (उम्र लगभग 28 वर्ष) है। इसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही बीट सूचना रपट में भी इसका नाम लगातार दर्ज रहा है।

प्रशासन का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को भयमुक्त वातावरण देने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन और पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *