चकिया- प्रधानाचार्या पूनम स्कूल में शिक्षा की अलख जगा रहीं, रोचक शिक्षण से बच्चों को जोड़ रहीं स्कूल से
चकिया, चंदौली।
प्राथमिक विद्यालय तिलौरी की प्रधानाचार्या पूनम कुमारी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा भर रही हैं। वे परंपरागत पढ़ाई से आगे बढ़कर बच्चों को व्यवहारिक और रोचक तरीकों से शिक्षा से जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रही हैं। उनकी शिक्षण कार्यशैली न सिर्फ बच्चों को आकर्षित कर रही है, बल्कि अभिभावकों के मन में भी शिक्षा के प्रति विश्वास मजबूत कर रही है।

हाल ही में प्रधानाचार्या पूनम कुमारी ने बच्चों के बीच वृक्ष संरक्षण से संबंधित चित्रों का प्रदर्शन कर पर्यावरण के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए वरदान हैं, जो हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर वातावरण को शुद्ध बनाते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी समझाया कि पेड़-पौधे कई रोगों से बचाव और जीवन को स्वस्थ बनाने में सहायक होते हैं।



प्रधानाचार्या पूनम कुमारी विद्यालय के सभी शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर पढ़ाई को बच्चों के लिए रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए नई-नई शैक्षिक योजनाएं लागू कर रही हैं। उनके प्रयासों से बच्चों में सीखने की ललक बढ़ी है और विद्यालय का शैक्षिक वातावरण सकारात्मक बना है।
उनकी नवाचारी शिक्षण शैली आज क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। शिक्षा के साथ संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर प्रधानाचार्या पूनम कुमारी वास्तव में शिक्षा की अलख जगा रही हैं।





