Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया के विकास को मिली नई रफ्तार, 36 करोड़ से अधिक की योजनाओं से संवरेगा चकिया…. विधायक कैलाश आचार्य ने कहा आजादी के बाद नगर को मिला 24 करोड़ सौगात सिर्फ इसके लिए…2 भागों में नगर को बांटकर होगा

चकिया के विकास को मिली नई रफ्तार, 36 करोड़ से अधिक की योजनाओं का एलान

विधायक कैलाश आचार्य व चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी

चकिया (चंदौली)।

नगर पंचायत चकिया के सभागार में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक कैलाश आचार्य एवं नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने नगर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के तहत नगर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 36 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

विधायक कैलाश आचार्य ने बताया कि वंदन योजना से प्राप्त 184.65 लाख रुपये की धनराशि से वार्ड संख्या 07 सिलावटोला पूर्वी स्थित हनुमान मंदिर का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। जनहित में 28.48 लाख रुपये की लागत से एक अंत्येष्टि स्थल का निर्माण भी प्रस्तावित है।

कान्हा गौशाला व अमृत योजना पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री द्वारा संचालित कान्हा गौशाला एवं बेसहारा पशु आश्रय योजना के अंतर्गत अस्थायी गौशाला के स्थान पर 165.72 लाख रुपये से नई कान्हा गौशाला का निर्माण कराया जाएगा।

वहीं अमृत 2.0 योजना के तहत 2431.70 लाख रुपये की लागत से नगर को दो जोन में विभाजित करते हुए 44 किमी पाइपलाइन विस्तार, 6 पंप हाउस, 2 स्टाफ क्वार्टर तथा 3556 नए जल कनेक्शन दिए जाएंगे।

सड़क, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट पर फोकस

नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 216.15 लाख रुपये से सालिड वेस्ट मैनेजमेंट, पेयजल, सफाई व्यवस्था, सड़क, जल निकासी व गलियों का निर्माण कराया जाएगा।

इसके साथ ही पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत 314.59 लाख रुपये से मुख्य सड़कों की पटरियों का निर्माण, जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण और पोल सहित स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी।

जल निकासी, बस स्टेशन और कार्यालय का कायाकल्प

सीवरेज व जल निकासी योजना से प्राप्त 207.21 लाख रुपये से नगर के जर्जर नालों का निर्माण कर जल निकासी की समस्या दूर की जाएगी।

विधायक के प्रयास से 195.74 लाख रुपये की लागत से चकिया रोडवेज बस स्टेशन का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

इसके अतिरिक्त 27.07 लाख रुपये से नगर पंचायत कार्यालय के सभागार का सौंदर्यीकरण व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपकरणों की स्थापना की जाएगी।

विधायक और चेयरमैन का बयान

विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर नागरिकों को बेहतर सुविधा देना प्राथमिकता है।

नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे।

प्रेसवार्ता में मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, जल निगम के अधिशासी एवं अवर अभियंता, सभासद केशरी नंदन, रवि गुप्ता, प्रतिनिधि सुरेश सोनकर, तहसील कार्यालय लिपिक राकेश रोशन, एकरामुल हक, रोहित विश्वकर्मा, विद्यावासिनी चौहान सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *