चकिया जब अभिनंदन के मंच पर बिखरे देशभक्ति के रंग, नन्हे कलाकारों ने बांधा समां……कोलकाता दुष्कर्म की घटना पर आधारित मर्मस्पर्शी नाट्य प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया
चकिया (चंदौली), 26 जनवरी।
द्विवेदी पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव ‘अभिनंदन’ एवं 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन मंगलवार को अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरेंद्र द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहित श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा छह की छात्रा आराध्या सिंह द्वारा प्रस्तुत मनोहारी गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नन्हे बच्चों से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पीजी कक्षा के बच्चों ने ‘बम बम भोले’ पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया, वहीं कक्षा छह के छात्रों ने ‘आरंभ है प्रचंड’ पर जोशीले नृत्य से सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से भर दिया।

कक्षा तीन के विद्यार्थियों द्वारा कोलकाता दुष्कर्म की घटना पर आधारित मर्मस्पर्शी नाट्य प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया और नारी सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान गंगा आरती, दुर्गा–काली एक्ट और घूमर नृत्य ने भारतीय संस्कृति की समृद्ध झलक पेश की। प्रतियोगिताओं के परिणाम में ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ (एलकेजी) को प्रथम, ‘कॉमेडी डांस’ (कक्षा आठ) को द्वितीय तथा ‘माँ दुर्गा–काली एक्ट’ (कक्षा एक व सात) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।





