Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया व्यापार मंडल चुनाव में जबरदस्त गहमागहमी……..विष्णु जायसवाल बने अध्यक्ष,सांसें रोक देने वाली टक्कर में 7–8 मतों से जीत….. मनोज अंकित ने माराबाजी, रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, ऐतिहासिक बना चुनाव

 

चकिया। चंदौली।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल चकिया इकाई का चुनाव रविवार को पूरे दिन गहमागहमी, उत्साह और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच सम्पन्न हुआ। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चले मतदान में व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 1260 मतदाताओं में से 1172 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत बेहद उत्साहजनक रहा।

शाम साढ़े चार बजे जैसे ही मतगणना शुरू हुई, प्रत्याशियों और समर्थकों की धड़कनें तेज हो गईं। अध्यक्ष पद पर मुकाबला इतना करीबी रहा कि अंतिम राउंड तक परिणाम स्पष्ट नहीं हो सका। अंततः विष्णु जायसवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी व पूर्व सभासद अनिल केशरी को मात्र 7–8 मतों के बेहद छोटे अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। अध्यक्ष पद के लिए कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे, जिससे मुकाबला और रोचक बन गया।

महामंत्री पद पर भी कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां मनोज चौहान ने अपने प्रतिद्वंद्वी सुनील/सुशील कुमार को पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर अंकित मद्धेशिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सद्दाम को 79 मतों के बड़े अंतर से हराकर स्पष्ट बढ़त बनाई।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरी एवं चुनाव अधिकारी चंदेश्वर जायसवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष विष्णु जायसवाल, महामंत्री मनोज चौहान और कोषाध्यक्ष अंकित मद्धेशिया को प्रमाण पत्र सौंपकर औपचारिक रूप से विजयी घोषित किया।

मतगणना के आंकड़ों पर नजर डालें तो अध्यक्ष पद पर विष्णु जायसवाल को 503 मत, अनिल केशरी को 495 मत, रवि गुप्ता को 125 मत तथा शुभम मोदनवाल को 35 मत प्राप्त हुए। महामंत्री पद पर मनोज चौहान को 474 मत, सुशील/सुनील को 437 मत और सेराज अहमद को 249 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर अंकित मद्धेशिया को 503 मत, सद्दाम को 425 मत और धनश्याम को 229 मत प्राप्त हुए।

चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने में कोतवाल अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारी सनील के साथ चुनाव सहयोगी आलोक जायसवाल, राजकुमार मोदनवाल, महमूद आलम, अशोक केशरी, इलिया हनुमान चौरसिया, अनुराग जायसवाल, सुनील जायसवाल, सुजीत जायसवाल समेत अनेक लोगों की सराहनीय भूमिका रही।

 यह चुनाव न सिर्फ संगठन की एकता बल्कि व्यापारियों की लोकतांत्रिक भागीदारी का भी मजबूत संदेश देकर गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *