बनारस – जब चंदौली सांसद देखने पहुंचे पद्मश्री को, BHU ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल, प्रधानमंत्री को लिखा पत्र…….खाली होने के बावजूद नहीं दिया जाता, सांसद का जानकारी लेने के दौरान डॉक्टर से नोकझोंक
वाराणसी। चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय ट्रामा सेंटर की कार्यप्रणाली और आईसीयू बेड की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि अस्पताल में 50 प्रतिशत से अधिक आईसीयू बेड खाली होने के बावजूद मरीजों को भर्ती नहीं किया जाता, जबकि जरूरतमंदों को हमेशा यही बताया जाता है कि “आईसीयू बेड उपलब्ध नहीं है।”
सांसद वीरेंद्र सिंह रविवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पद्मविभूषण शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के स्वास्थ्य की जानकारी लेने ट्रामा सेंटर पहुँचे थे। इस दौरान मरीज की हालत स्थिर और संतोषजनक पाई गई, लेकिन सांसद को आईसीयू वार्ड में बड़ी संख्या में खाली बेड देखकर आश्चर्य हुआ। जानकारी लेने के दौरान उनकी एक डॉक्टर से नोकझोंक भी हुई।
सांसद ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से जनता के टैक्स के पैसों से बना यह भव्य अस्पताल षड्यंत्रपूर्वक आम मरीजों को पूरा लाभ नहीं दे रहा। डॉक्टर्स की कार्यशैली और लापरवाही को देखते हुए स्पष्ट होता है कि अस्पताल में भ्रष्टाचार चरम पर है।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सांसद ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि काशी और आसपास के लोगों को सही मायनों में ट्रामा सेंटर की सुविधाएं मिल सकें।





