चकिया- अचानक रात में टूटी बंधी , सैकड़ों बीघा फसल डूबी……फार्म में घुसा तेजी से पानी सैकड़ों की हुई मौत, हताशा पड़े मालिक
मुर्गा फार्म में सैकड़ों चूजों की हुई मौत, प्रशासन ने मौके पर डाला डेरा
डीएम, विधायक ने मौके पर जाकर देखा, दिए निर्देश
चकिया (चंदौली)। जनपद में हो रही लगातार बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सोमवार तड़के लगभग तीन बजे बहेलियापुर बंधी जल दबाव के चलते टूट गई। यह बंधी रक्षामंत्री के पैतृक गांव भभौरा के समीप स्थित है। बंधी टूटने से आसपास की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
इसी बीच, महाकाल ढाबा के पास स्थित मृत्युंजय यादव का मुर्गा फार्म भी बाढ़ के पानी की चपेट में आ गया। अचानक तेज धारा घुस जाने से फार्म में पाले गए एक हजार से अधिक बड़े चूजों की मौत हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से जिंदा चूजों को किसी तरह बाहर निकाला गया, जबकि मृत चूजों को बाहर निकालकर निस्तारित किया गया। मृत्युंजय यादव यह देख हताश हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया। जिलाधिकारी को जानकारी मिलते ही उनके निर्देश पर एई, जेई और 60 मजदूरों की टीम मौके पर पहुंची और बालू व मिट्टी की बोरियों से बंधी की मरम्मत शुरू की। हालांकि पानी की तेज धारा के कारण कार्य में कठिनाई आ रही थी।
बाद में खुद जिलाधिकारी, विधायक, एसडीएम, अधिशासी अभियंता बंधी आज़ाद व चंद्रप्रभा परियोजना के अधिशासी अभियंता हरेंद्र मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने मरम्मत कार्य तेज करने और प्रभावित किसानों व पशुपालकों की मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
















