वाराणसी से बक्सर ले जाई जा रही थी चांदी, आयकर विभाग को सौंपी गई कार्रवाई की बागडोर
डीडीयू (चंदौली)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार रात डीडीयू जंक्शन पर बड़ी सफलता हाथ लगी। प्लेटफॉर्म पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध हालात में दो लोगों को पकड़ा गया जिनके पास से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद हुए। दोनों आरोपितों के पास चांदी ले जाने का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। मौके पर बुलाए गए आयकर विभाग ने मूल्यांकन कर चांदी को कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब नौ बजे डीडीयू जंक्शन पर चल रही चेकिंग के दौरान दो लोग एक काले रंग के बैग और दो भारी झोलों के साथ संदिग्ध हालत में प्लेटफॉर्म पर जा रहे थे। रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में चेकिंग कर रही टीम ने जब उन्हें रोका तो वे घबरा गए और गोलमोल जवाब देने लगे।
तलाशी के दौरान बैग व झोलों से कुल 19 पैकेट में रखे गए पायल, बिछिया, अंगूठी जैसे चांदी के जेवरात बरामद हुए। दोनों आरोपितों की पहचान दिलीप कुमार (55 वर्ष) और चंदन कुमार वर्मा (34 वर्ष), निवासी डुमराव, बक्सर (बिहार) के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह चांदी वाराणसी से बक्सर ले जाई जा रही थी, लेकिन इसके लिए उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था।
सूचना पर मौके पर पहुंचे आयकर विभाग वाराणसी की टीम में शामिल सहायक निदेशक उत्सव पाण्डेय, आयकर अधिकारी राजेश कुमार एवं मूल्यांकनकर्ता गिरधर गोपाल ने बरामद चांदी की जांच की। सभी 19 पैकेट में कुल 18.889 किलोग्राम चांदी पाई गई, जिसकी बाजार कीमत ₹10,95,562 आंकी गई।
आरपीएफ ने बरामद माल और दोनों आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया है। अब आयकर विभाग मामले की विधिक जांच और कार्रवाई करेगा।