Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली – जब बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुँचे विधायक सुशील सिंह, गांवों का दौरा कर ज़मीनी हालात का लिया जायजा….नाव से पहुँचाए जा रहे ज़रूरी सामान

राहत कार्यों की ली ज़मीनी हकीकत

प्रशासन को दिए राहत तेज़ करने के निर्देश, नाव से पहुँचाए जा रहे ज़रूरी सामान

धानापुर, चंदौली।

संकट की इस घड़ी में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता ग्रामीणों के लिए राहत बनकर सामने आ रही है। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित मुरलीपुर, महुजी, पपरौल, प्रहलादपुर, सोनुहली, दिया व प्रसहटा गांवों का दौरा कर ज़मीनी हालात का जायजा लिया और प्रशासनिक मशीनरी को राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए।

गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में पानी घुस गया है, लेकिन राहत की बात यह है कि प्रशासन व जनप्रतिनिधि लगातार क्षेत्र में डटे हैं और हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। बाढ़ से घिरे गांवों में नावों के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं पहुंचाई जा रही हैं। बाढ़ चौकियां स्थापित की जा चुकी हैं और जल्द ही भोजन व दवाओं की आपूर्ति और भी बेहतर की जाएगी।

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह ग्रामीणों के साथ है। किसी भी जरूरतमंद को अनदेखा नहीं किया जाएगा। बाढ़ से जिनके घर या फसलें प्रभावित हुई हैं, उन्हें चिन्हित कर मुआवजा व सरकारी सहायता दिलाई जाएगी। स्थानीय लोगों ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से हौसला मिलता है। ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता की भी तारीफ की, जिन्होंने नाव से राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की है।

इस मौके पर उपजिलाधिकारी कुन्दन राज कपूर, मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, मृत्युंजय सिंह दीपू, प्रेम निषाद, बिंदेश्वरी विषाद, सुजीत जायसवाल, राणा सिंह व उमा सिंह भी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *