डिप्टी सीएम का नगर व इस गांव में होगा 3 तारीख को आगमन, करेंगे विभागीय समीक्षा, मिलेंगे पार्टी पदाधिकारियों से……… जायेंगे भाजपा उपाध्यक्ष के घर
3 अगस्त को चकिया में होंगे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, विभागीय समीक्षा के साथ जताएंगे शोक
सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में उतरेगा हेलीकॉप्टर
वन विश्राम गृह में करेंगे बैठक, तिलौरी गांव में डॉ. प्रदीप मौर्य के घर पहुंचकर प्रकट करेंगे संवेदना
चकिया (चंदौली)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आगामी 3 अगस्त (रविवार) को जनपद चंदौली के चकिया क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डिप्टी सीएम का हेलीकॉप्टर सुबह 11:10 बजे सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वह स्टाफ कार के माध्यम से वन विभाग के विश्राम गृह पहुंचेंगे।

गेस्ट हाउस में उप मुख्यमंत्री भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह समेत पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक के उपरांत डिप्टी सीएम चकिया क्षेत्र के तिलौरी गांव स्थित भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्य के आवास पर पहुंचेंगे। वहां वह बीते 5 जुलाई को हुए पारिवारिक हादसे को लेकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। विदित हो कि डॉ. मौर्य के छोटे भाई संतोष कुमार मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के दिन डिप्टी सीएम ने फोन पर ही परिजनों से बात कर सांत्वना दी थी, अब वे प्रत्यक्ष रूप से शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे हैं।
इसके पश्चात डिप्टी सीएम पुनः सीआरपीएफ हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
जनपद में डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।






