Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशकानपुर

हाथ में था मोबाइल और रेलवे ट्रैक पर थे कदम, फ्री फायर गेम खेलने में बुझ गए दो घरों के इकलौते चिराग……

पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क

कानपुर। चकेरी में दो मौसेरे भाइयों के लिए मोबाइल गेम काल बन गया। शुक्रवार की शाम दोनों के कदम रेलवे ट्रैक पर थे और हाथ में मोबाइल फोन था। इस बीच अचानक ट्रेन आने से चपेट में आए दोनों भाइयों की जान चली गई और दो परिवारों के इकलौते चिराग बुझ गए। घटना के बाद चर्चा रही कि दोनों मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलने के आदी थे और हादसे के समय भी संभव मोबाइल पर गेम ही खेल रहे थे। चकेरी पुलिस की सूचना पर घरवाले पहुंचे तो कोहराम मच गया।

चकेरी गांव निवासी मजदूर रामदेव कुरील का 15 वर्षीय बेटा आर्यन आठवीं का छात्र था। उसके परिवार में पत्नी मीरा और छोटी बेटी मीठी है। स्वजन ने बताया कि रामदेव की पत्नी की बड़ी बहन सुमन भी परिवार के साथ पड़ोस में ही रहती है। पति की मौत होने के बाद से वह मजदूरी करके 16 वर्षीय बेटे अंशू और दो बेटियों का पालन पोषण कर रही थी। अंशू 10वीं का छात्र था। शुक्रवार शाम करीब सात बजे अंशू और आर्यन घर के पास स्थित रेलवे ट्रैक पार करके शौच करने गए थे। वहां से लौटते वक्त वह दोनों ट्रैक के बीच से आ रहे थे। तभी अचानक ट्रेन आने से दोनों की कटकर मौत हो गई। अहिरवां चौकी प्रभारी तरुणराज पांडेय ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से दो मौसेरे भाइयों की मौत हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *