Wednesday, September 9, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली में पार्टी ने खोले पत्ते! विधानसभा प्रत्याशी का ऐलान होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह, बधाइयों का लगा तांता

381-सकलडीहा विधानसभा से प्रत्याशी घोषित होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह, बधाई देने वालों का लगा तांता

चंदौली। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में आजाद अधिकार सेना ने चंदौली की 381-सकलडीहा विधानसभा सीट से प्रशांत सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नूतन ठाकुर ने कार्यालय ज्ञाप जारी कर उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की।

प्रशांत सिंह के प्रत्याशी घोषित होने की खबर मिलते ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं व शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती से जुटने का संकल्प व्यक्त किया। सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक समर्थकों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

जनसरोकार और पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं प्रशांत सिंह

प्रशांत सिंह लंबे समय से जनसरोकार और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। वे चंदौली जनपद की जन समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पत्रकारिता के माध्यम से आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही समाज के जरूरतमंद और जागरूक लोगों की मदद के लिए भी कार्य करते रहे हैं। मानवाधिकार कार्यकर्ता के रूप में भी उनकी सक्रियता रही है।

अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष का दावा

आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कहा कि प्रशांत सिंह पार्टी की विचारधारा के अनुरूप अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के विरोध तथा आम नागरिक के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए चुनाव मैदान में उतरेंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले प्रत्याशी के रूप में प्रशांत सिंह सकलडीहा क्षेत्र में पार्टी की आवाज को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएंगे।

प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में आजाद अधिकार सेना की राजनीतिक सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। अब पार्टी कार्यकर्ताओं की नजर चुनावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर टिकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *