Tuesday, August 4, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया – पुलिस को देखते ही बरसाईं गोलियां, जवाबी फायरिंग में 25 हजार का इनामी को लगी गोली, साथी को पुलिस ने धरदबोचा….सीओ पहुंचे अस्पताल, ली जानकारी

 

 

 

चकिया पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, तमंचा, कारतूस और बुलेट बाइक बरामद, इलिया थाने का वांछित था शेरू अंसारी।

चकिया (चंदौली)।

जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘CRACKDOWN CHANDAULI’ अभियान के तहत सोमवार को चकिया पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। इलिया थाने से 25 हजार रुपये का इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे बदमाश अली हसन उर्फ शेरू अंसारी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी सोनू अंसारी जंगल में भागने के प्रयास के दौरान कॉम्बिंग कर दबोच लिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को थाना चकिया प्रभारी अर्जुन सिंह और स्वाट प्रभारी रामजनम यादव अपनी टीम के साथ गांधी नगर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों तेज रफ्तार से लतीफशाह रोड की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने पीछा कर बदमाशों को घेरने का प्रयास किया। घबराहट में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें शेरू अंसारी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। दूसरा आरोपी जंगल की ओर भागा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी और कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी पुत्र फैजुल हसन, निवासी शिवरामपुर, थाना चांद, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। वह वर्ष 2025 से इलिया थाने में दर्ज गोवध और आर्म्स एक्ट के मामलों में फरार चल रहा था तथा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दूसरा गिरफ्तार आरोपी सोनू अंसारी पुत्र तस्लीम अंसारी, निवासी बुढ़वाई, थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर बताया गया।

पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, दो कारतूस तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में थाना चकिया पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त भूमिका रही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *