Saturday, August 22, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया में पहली बार आयोजित हुआ…… 635 स्कूलों के 1300 मुक्केबाजों से गूंजा चकिया, ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आगाज……..पांच दिवसीय प्रतियोगिता में पूर्वी जोन के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, चंदौली बॉक्सिंग एसोसिएशन का भी गठन,एआईबीए वन-स्टार अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच एवं एमएसवी बॉक्सिंग एकेडमी के चेयरमैन दिलीप कुमार सिंह व सीओ व डायरेक्टर ने किया शुभारंभ

 

चकिया (चंदौली)। डालिम्स सनबीम स्कूल चकिया में शनिवार को पांच दिवसीय ईस्ट जोन सीबीएसई बॉक्सिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में पूर्वी जोन के 635 स्कूलों के करीब 1300 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन के साथ ही मुक्केबाजों ने रिंग में दमखम, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन शुरू कर दिया। खिलाड़ियों के जोश से विद्यालय परिसर में खेल का रोमांच नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद रिबन काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया। एआईबीए वन-स्टार अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच एवं एमएसवी बॉक्सिंग एकेडमी के चेयरमैन दिलीप कुमार सिंह और बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एवं सदस्य प्रमोद कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

रिंग में उतरते ही दिखा खिलाड़ियों का जोश

उद्घाटन मुकाबलों में ईस्टर्न जोन के विभिन्न क्षेत्रों से आए मुक्केबाजों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। खिलाड़ियों ने अपनी तेज पंचिंग, शानदार फुटवर्क और बेहतरीन तकनीक से दर्शकों की तालियां बटोरीं। मुकाबलों के दौरान पूरा परिसर खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की तालियों से गूंजता रहा।

चंदौली बॉक्सिंग एसोसिएशन का गठन

प्रतियोगिता के दौरान चंदौली में बॉक्सिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चंदौली बॉक्सिंग एसोसिएशन का गठन किया गया। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार ने डॉ. विवेक प्रताप सिंह को अध्यक्ष तथा निधि पाठक को सचिव बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चंदौली जैसे जिले की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए फेडरेशन विशेष योजनाएं तैयार करेगा। जिले के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

पर्यवेक्षक शशि प्रकाश सिंह, अजीत सिंह चौहान, प्रधानाचार्य संगीता सिन्हा, चेयरपर्सन वीरेंद्र प्रताप सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक प्रताप सिंह, डायरेक्टर सुधा सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। आयोजकों ने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में विभिन्न आयु और भार वर्गों में मुकाबले होंगे। चकिया में इतने बड़े स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता होने से स्थानीय खेल प्रतिभाओं में भी उत्साह है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *