चकिया – विधायक कैलाश आचार्य की मौजूदगी में ₹5 करोड़ के विकास प्रस्ताव पास, ब्लॉक क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने का खाका तैयार
चकिया, चंदौली। क्षेत्र पंचायत की बैठक में विकास कार्यों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। विधायक कैलाश आचार्य की मौजूदगी में पंचम एवं केंद्रीय वित्त आयोग तथा मनरेगा मद से लगभग ₹5 करोड़ के विकास प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में सड़क, नाली, खड़ंजा, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
बैठक में विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। स्वीकृत प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द सुविधाएं मिल सकें।

ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव ने कहा, “क्षेत्र पंचायत की यह बैठक विकास के नए दौर की शुरुआत है। लगभग पांच करोड़ रुपये के प्रस्तावों के पास होने से गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। हमारा लक्ष्य बिना भेदभाव प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना है। सभी कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे।”

बैठक में खंड विकास अधिकारी अनिल राय, प्रधान संघ अध्यक्ष रामलाल, एडीओ समाज कल्याण अनुराग शुक्ल, अकाउंटेंट दिनेश गुप्ता, क्षेत्र पंचायत सदस्य रंगलाल, कुंवरजीत, मो. अरशद, प्रमोद, फूलचंद पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।




