चंदौली – जब इश्क बना मौत की वजह! पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने खोला राज…….जमीन दिखाने के बहाने ले जाकर गला रेता, शव नहर में फेंका; पत्नी, प्रेमी और सहयोगी हुआ गिरफ्तार.……
चंदौली। महेवा नहर में मिले युवक के शव की गुत्थी को अलीनगर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम-प्रसंग में बाधक बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू, घटना में प्रयुक्त बाइक, खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार 25 जून को महेवा गौरी माइनर के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का गला रेतकर फेंका गया शव मिला था। बाद में शव की पहचान महादेवपुर निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि राजेश की पत्नी उर्मिला देवी के राहुल शर्मा से अवैध संबंध थे और इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
जांच के दौरान अलीनगर पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर रेवसा अंडरपास के पास से राहुल शर्मा और उसके सहयोगी विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी उर्मिला देवी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 24 जून को उर्मिला देवी ने अपने पति को जमीन खरीदने का बहाना बनाकर राहुल के साथ भेजा। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई। देर शाम महेवा नहर के पास नशे की हालत में पहुंचे राजेश को विनोद पाल ने पकड़ लिया, जबकि राहुल ने धारदार चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।

पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसका उर्मिला देवी से लंबे समय से प्रेम संबंध था। राजेश कुमार इस रिश्ते का विरोध करता था, जिससे छुटकारा पाने के लिए हत्या की योजना बनाई गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, सुपर स्प्लेंडर बाइक, खून से सने कपड़े, दो मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद कर ली है।




