चकिया -उम्मीद किरण बना चकिया विधायक का प्रस्ताव ,विधायक की पहल से विकास एक्सप्रेस पर दौड़ेगा चकिया…..400 करोड़ की फोरलेन परियोजना से चमकेगी तस्वीर, शासन को भेजी गई कार्ययोजना……चुनावी वर्ष में मिलेगा बड़ा सौगात
चंदौली। चुनावी वर्ष में चकिया क्षेत्र को बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। वर्षों से बदहाल और महज सात मीटर चौड़ी सड़क की समस्या झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने की आस दिखाई देने लगी है। विधायक कैलाश आचार्य की पहल पर मोहनसराय-मुगलसराय-चकिया राज्य मार्ग-120 के चितौड़ी से सिकंदरपुर तथा टेंगरा मोड़ से मधुपुर राज्य मार्ग-97 के सिकंदरपुर से मुरारपुर हिस्से को फोरलेन बनाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है।
विधायक के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने चितौड़ी तिराहा से सिकंदरपुर और सिकंदरपुर से मुरारपुर मोड़ तक करीब 17 किलोमीटर सड़क को 27 मीटर चौड़ा करते हुए फोरलेन बनाने की कार्ययोजना तैयार कर बीते सप्ताह ही शासन को भेज दी है। शासन से मंजूरी मिलते ही करीब 400 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरू होने की उम्मीद है।
चकिया से वाराणसी तक फोरलेन निर्माण का कार्य पहले से चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। पहले चरण में मोहनसराय से कैंट तक सड़क चौड़ीकरण कराया गया, जबकि दूसरे चरण में कैंट से मुगलसराय तक फोरलेन निर्माण पूरा हो चुका है। अब तीसरे चरण में गोधना मोड़ से लेवा चितौड़ी तिराहा तक सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। प्रशासन ने इस चरण का कार्य हर हाल में 30 जून 2026 तक पूरा कराने का लक्ष्य तय किया है। जिलाधिकारी लगातार निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं, जिससे काम में तेजी बनी हुई है।
अब चितौड़ी तिराहा से सिकंदरपुर और आगे मुरारपुर मोड़ तक फोरलेन निर्माण की तैयारी शुरू होने से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह परियोजना चकिया की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल देगी। लंबे समय से सिंगल और खराब सड़क के कारण लोगों को जाम, धूल और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फोरलेन बनने के बाद यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम हो जाएगी।
विभागीय सूत्रों के अनुसार विधायक कैलाश आचार्य के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने प्रारंभिक कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी है। शासन द्वारा विस्तृत रिपोर्ट मांगे जाने पर पूरा एस्टीमेट तैयार कर भेजा जाएगा। प्रस्ताव में भूमि अधिग्रहण, भवनों के मुआवजे और निर्माण लागत का प्रारंभिक खाका भी शामिल किया गया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
दो हिस्सों में पूरा होगा कार्य
परियोजना को दो चरणों में पूरा करने की तैयारी है। पहले चरण में चितौड़ी से सिकंदरपुर तक करीब सात किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा, जिस पर लगभग 180 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं दूसरे चरण में सिकंदरपुर से मुरारपुर मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत करीब 221 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पूरी परियोजना पर 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है।
फोरलेन निर्माण से चकिया क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीण इलाकों से जिला मुख्यालय और बड़े शहरों तक सफर पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।
विकास की नई धुरी बनेगा फोरलेन : कैलाश आचार्य
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होता है। यह परियोजना सिर्फ सड़क चौड़ीकरण नहीं, बल्कि चकिया के आर्थिक और सामाजिक विकास का नया अध्याय साबित होगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूर्वांचल में तेजी से आधारभूत ढांचे का विस्तार हो रहा है और चकिया भी अब विकास की मुख्यधारा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
शासन को भेजी जा चुकी है कार्ययोजना : अभियंता
अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि माननीय विधायक कैलाश आचार्य के प्रस्ताव पर दोनों राज्य मार्गों के शेष बचे हिस्से के चौड़ीकरण के लिए शासन को कार्ययोजना भेज दी गई है। योजना को मंजूरी मिलते ही विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। बजट स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।