चंदौली। जनपद में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हनुमत रिन्यूएबल्स प्रा. लि. ने 11 हजार घरों में निःशुल्क सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए 90 दिवसीय अभियान शुरू किया है। अभियान का शुभारंभ गुरुवार को सदर ब्लॉक परिसर में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह एवं परियोजना अधिकारी नेडा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अभियान के तहत आयोजित सोलर जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर में लोगों को सौर ऊर्जा के लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों का निःशुल्क पंजीकरण भी किया गया। शिविर में लगाए गए सोलर संयंत्र मॉडल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
कम्पनी के सीईओ विकास सिंह ने बताया कि दो किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगवाने पर केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त कंपनी की ओर से 35 हजार रुपये का अंशदान भी किया जाएगा। इससे पात्र उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा संयंत्र पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हो सकेगा।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान अगले तीन माह तक जनपद के सभी विकास खंडों में चलाया जाएगा। इच्छुक लोग संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर पहुंचकर योजना की जानकारी लेने के साथ पंजीकरण करा सकते हैं।
कंपनी की ओर से बताया गया कि अधिक जानकारी के लिए कचहरी रोड स्थित हनुमत सोलर हाउस कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए मोबाइल नंबर 9208779065 और 63887641521 जारी किए गए हैं।