मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चकिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.800 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार तड़के रविदास मंदिर के पास ग्राम मुडहुआ में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रबर से बंधे बोरे से 17.800 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। मौके से गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजू पुत्र स्व. भोला, निवासी बैरगढ़, थाना चकरघट्टा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह गांजा बिहार से खरीदकर अहरौरा होते हुए वाराणसी बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना चकिया में मुकदमा संख्या 26/2026 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 17.800 किलोग्राम अवैध गांजा, मोटरसाइकिल (UP65 BF 3074) सुपर स्प्लेंडर बरामद किया। वही गिरफ्तारी करने वाली टीम थानाध्यक्ष
अर्जुन सिंह, अमित कुमार मिश्रा उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल राकेश सिंह, कांस्टेबल प्रदीप सिंह, कांस्टेबल रविन्द्र कुमार, राकेश यादव सहित अन्य मौजूद रहे।