भारी बारिश में ढहा कच्चा मकान, पिता-पुत्र की मलबे में दबकर मौत, गांव में मातम
बबुरी (चंदौली)।
थाना क्षेत्र के बुधवार गांव में बुधवार की रात भारी बारिश कहर बनकर टूटी। बारिश से जर्जर हो चुका कच्चा मकान अचानक ढह गया। मलबे में दबकर पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार गांव निवासी शिवमूरत (65) और उनके पुत्र जय हिंद (35) रात में कच्चे मकान में सो रहे थे। लगातार बारिश से मकान की दीवारें पहले से ही दरारों से भरी थीं। रात में अचानक जोरदार आवाज के साथ पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
सूचना पर बबुरी पुलिस टीम पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला। ग्रामीणों के मुताबिक मकान बेहद पुराना और जर्जर था। आर्थिक तंगी के चलते परिवार उसकी मरम्मत नहीं करा पाया था।
हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है। साथ ही कहा कि प्रशासन को गांवों में जर्जर मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंदों को आवास योजना का लाभ देना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।