चकिया- रक्षाबंधन के पर्व पर रक्षामंत्री के गृह नगर में नहीं पहुंच सकी योगी सरकार की योजना….. घोषणा की बाट जोहती रह गई महिलाएं, एक को भी नहीं मिला फ्री सफर का लाभ……..20 दिनों से ठप रोडवेज बस सेवा
चकिया। रक्षाबंधन पर्व पर योगी सरकार ने प्रदेशभर की महिलाओं और बहनों को बड़ा तोहफा देते हुए 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की थी। लेकिन रक्षामंत्री के गृह नगर चकिया में यह योजना महज़ कागज़ी साबित हुई।
चकिया, मुगलसराय, नौगढ़ और लंका से आने-जाने वाली किसी भी महिला को फ्री बस सेवा का लाभ नहीं मिल सका। वजह साफ है—पिछले 20 दिनों से चकिया डिपो से कोई भी रोडवेज बस संचालित ही नहीं हो रही है।
घंटों इंतजार, पर न बस आई न सूचना
रक्षाबंधन के दिन भी कई माताएं और बहनें बस स्टेशन पहुंचीं, यह उम्मीद लेकर कि उन्हें मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार मुफ्त यात्रा मिलेगी। लेकिन न बस आई, न कोई कर्मचारी मौजूद रहा जो यह जानकारी दे सके कि सेवा बंद है। कई महिलाएं घंटों इंतजार करती रहीं और अंततः निराश होकर लौट गईं।
मंत्री से दो बार मुलाकात, फिर भी नतीजा शून्य
स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य इस समस्या के समाधान के लिए दो बार परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर चुके हैं। मंत्री ने संचालन बहाल करने का आश्वासन भी दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सोशल मीडिया पर बधाई, ज़मीनी हकीकत में नाकामी
योजना की घोषणा के बाद क्षेत्रीय नेता और जनप्रतिनिधि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री को बधाई देते रहे, लेकिन अपने ही क्षेत्र की महिलाओं को इस सुविधा का लाभ दिलाने में विफल रहे। नतीजतन, रक्षाबंधन पर मिलने वाला ‘फ्री सफर’ का तोहफा यहां की महिलाओं के लिए अधूरा सपना बनकर रह गया।