चंदौली – जब दो लोग लिए थे झोला, पड़ी संयुक्त टीम की नजर, खोला तो मिला नोटो की गड्डियां……RPF व सीआईबी जीआरपी की संयुक्त टीम को मिली सफलता, नहीं दे पाए कोई वैध दस्तावेज,, 29 लाख 33 हजार थे, सौंपा गया आयकर को
डीडीयू जंक्शन पर 29.33 लाख नकद बरामद, आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप
ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत आयकर विभाग को सौंपी गई कार्रवाई
डीडीयू (चंदौली)।
डीडीयू जंक्शन पर सावन मास को लेकर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बुधवार रात रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की। टीम ने जंक्शन के पैदल गामी पुल से दो संदिग्ध व्यक्तियों को 29,33,150 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया।
चेकिंग टीम में शामिल आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी प्रदीप कुमार रावत, जीआरपी निरीक्षक प्रभारी सुनील कुमार सिंह एवं सीआईबी टीम के सदस्यों ने संदिग्ध रूप से घूम रहे दो युवकों को पकड़ा, जिनके पास एक वजनी झोला और एक ब्राउन रंग का बैग था। पूछताछ में दोनों ने पहले खाने-पीने का सामान होने की बात कही, लेकिन झोला खोलने के लिए कहे जाने पर वे हिचकिचाने लगे।
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि झोले में नकद रुपये हैं। तलाशी लेने पर बैग और झोले से कुल ₹29,33,150 की नकदी बरामद हुई। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान
पुष्पेंद्र कुमार (31 वर्ष), निवासी – बादशाहपुर रोड, थाना मुगरा बादशाहपुर, जिला जौनपुर
आशीष कुमार मिश्रा (37 वर्ष), निवासी – कंधरपुर भोगवारा, थाना हंडिया, जिला प्रयागराज
के रूप में हुई है।
दोनों व्यक्ति इस नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद आयकर विभाग वाराणसी को सूचना दी गई। सूचना पर सहायक आयकर निदेशक (जांच) उत्सव पांडेय मौके पर पहुंचे और पूरी नकदी की गिनती कराई गई। इसके उपरांत दोनों व्यक्तियों को नकद राशि सहित आयकर विभाग को अग्रिम कार्रवाई हेतु सौंप दिया गया।
कार्यवाही में आरपीएफ के उप निरीक्षक अमरजीत दास, अर्चना मीणा, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, अजय पाल, भगवान सिंह, जीआरपी उप निरीक्षक संदीप राय, सीआईबी आरक्षी विनोद कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। फिलहाल आगे की विधिक कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जा रही है।