Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली – गांव में नींव खुदाई के दौरान निकला शिवलिंग की प्रतिमा, ग्रामीणों ने शुरू की पूजा-अर्चना, अरघा सहित शिवलिंग की प्रतिमा, ग्रामीणों ने शुरू की पूजा-अर्चना, अधिकारी पहुंचे

चंदौली : नींव खुदाई में निकला शिवलिंग, श्रद्धालु बोले- सावन में बाबा का चमत्कार

■ पूजा-अर्चना में जुटे ग्रामीण, प्रशासन ने संभाली स्थिति

मुगलसराय (संवाददाता)

अलीनगर क्षेत्र के धपरी गांव में शनिवार को उस समय आस्था और अद्भुतता का संगम देखने को मिला, जब एक निर्माणाधीन चहारदीवारी की नींव खुदाई के दौरान जमीन से शिवलिंग और अरघा की प्राचीन प्रतिमा प्राप्त हुई। सावन माह में इसे ‘बाबा भोलेनाथ का चमत्कार’ मानकर ग्रामीणों में गहरी आस्था की लहर दौड़ पड़ी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए और पूजा-अर्चना शुरू कर दी।

घटना धपरी गांव की है, जहां एक ग्रामीण द्वारा निजी भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे बसावन ठेकेदार व भानु मिस्त्री के निर्देशन में मजदूर अशोक द्वारा खुदाई की जा रही थी। जैसे ही खुदाई कुछ गहराई तक पहुंची, मिट्टी के भीतर से शिवलिंग प्रकट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिवलिंग पूरी तरह सुरक्षित अवस्था में था और उसके साथ अरघा की आकृति भी देखी गई।

शिवलिंग के प्रकट होने की सूचना गांव और आसपास के क्षेत्रों में जंगल की आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों ने मौके पर धूप-बत्ती जलाकर विधिवत पूजा-अर्चना शुरू कर दी। सावन का पवित्र महीना होने के कारण इसे ‘दिव्य संकेत’ मानते हुए महिलाओं और पुरुषों ने भजन-कीर्तन भी शुरू कर दिया।

सूचना पाते ही अलीनगर थाने की पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि, “धपरी गांव में एक ग्रामीण द्वारा कराए जा रहे बाउंड्री निर्माण के दौरान शिवलिंग मिला है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और आगे की विधिक प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।”

प्रशासन द्वारा फिलहाल स्थल की निगरानी की जा रही है, वहीं पुरातत्व विभाग को भी इसकी सूचना देने की बात कही गई है। ग्रामीणों की मांग है कि इस स्थल को धार्मिक दृष्टिकोण से संरक्षित किया जाए।

■ ग्रामीण बोले : सावन में मिला बाबा का आशीर्वाद

स्थानीय निवासी रामलाल गुप्ता ने बताया, “यह कोई सामान्य बात नहीं है। सावन महीने में शिवलिंग का प्रकट होना निश्चित रूप से भगवान शिव का आशीर्वाद है। हम सभी इसे पूजा स्थल के रूप में विकसित करने की मांग कर रहे हैं।”

■ सुरक्षा व्यवस्था तैनात

बढ़ती भीड़ और लोगों की धार्मिक भावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जिससे कोई अवांछनीय स्थिति उत्पन्न न हो।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *