सौ सांप एक साथ निकले घर से! परिवार ने बरामदे में गुजारी रात, हर कोने में बसा था ज़हर का खौफ”
कुशीनगर, लखनऊ।
जिले के लक्ष्मीगंज क्षेत्र के खोटही गांव के नौका टोला में रविवार को नसरुद्दीन के घर के एक कमरे और बगल में बांस के पेड़ों के बीच से सौ से अधिक सर्प मिले थे। परिवार के लोगों व ग्रामीणों ने निकले सभी सर्प को लाठी डंडे से पीटकर मार डाला था, लेकिन इसकी दहशत परिवार में पूरी रात रही।
डर के कारण परिवार के सभी 19 लोग घर के बरामदे में रात गुजारे। घर के बड़े लोगों को पूरी रात नींद नहीं आई। हालांकि रात में एक भी सर्प दिखाई नहीं दिया। नसरूद्दीन ने बताया कि वे गांव के बाहर कुछ वर्ष पहले नया घर बनवाए हैं। पुराना घर गांव के बीच में है।

नए मकान की दीवार का अभी तक प्लॉस्टर नहीं हुआ है और न ही कमरे का फर्श ही बना है। उन्होंने बताया कि उनका संयुक्त परिवार है। उनके अलावा अन्य तीन भाईयों का परिवार भी साथ रहता है। तीनों छोटे भाई बाहर रहते हैं।
उनका परिवार गांव में उनके साथ रहता है। परिवार में महिला और बच्चे समेत कुल 19 लोग हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को घर के पास दो सर्प दिखाई दिए थे। परिवार के लोग इस मौसम में सर्प दिखाई देते हैं यह समझकर अनदेखा कर दिए।
इस बीच रविवार की सुबह छह बजे कमरे में करीब तीन सर्प के बच्चे दिखाई दिए। उन्हें डंडे पीटकर मार दिया गया। इसके कुछ देर बाद ही घर के पास स्थित बांस के पेड़ों के बीच कई छोटे-छोटे दिखाई सांप देने लगे।
गोरखपुर चिड़ियाघर के उप निदेशक एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि सांप आमतौर पर सालभर ब्रीडिंग करते हैं लेकिन बरसात के समय नमी अधिक होती है जिस वजह से यह बढ़ जाती है।
आसपास रखें साफ-सफाई
डॉ. योगेश ने बताया कि सांपों से बचने के लिए घर में चूहों को न घूमने दें। यदि घर में चूहे आ रहे हैं तो सांप भी आ सकते हैं। साथ ही घर में या बाहर की तरफ लकड़ी, कबाड़ और ईंट आदि न रखें। सांप चूहे, मेंढक और कीड़ों को ही खाते हैं। गोरखपुर और आसपास के जिलों में कोबरा, करैत, धामिन, वुल्फ स्नेक और पानी वाले सांप पाए जाते हैं। डॉ. योगेश ने बताया कि सांप दिखे तो घबराएं नहीं। यदि कोई घटना घट जाए तो सांप को पहचानने की कोशिश करें। उसका फोटो खींच लें।







