विद्यालय मर्जर के विरोध में उतरे ग्रामीण, ग्राम प्रधान ने दी लिखित आपत्ति
नौगढ़ , (चंदौली)।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय निर्देश पर शुक्रवार को चकिया शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता निरीक्षण के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय चिकनी पहुंचे। उन्हें नौगढ़ ब्लॉक के उन मर्जर विद्यालयों का पर्यवेक्षण सौंपा गया है, जहां छात्र संख्या अपेक्षाकृत अधिक है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया, जिसमें विद्यालय युग्मन (मर्जर) के खिलाफ नाराजगी सामने आई। ग्रामीणों ने कहा कि चिकनी का उच्च प्राथमिक विद्यालय वर्षों से शिक्षा का केंद्र रहा है, इसका मर्जर बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
ग्राम प्रधान ने थमाया आपत्ति पत्र
ग्राम प्रधान सतपाल सिंह यादव ने निरीक्षण के दौरान लिखित असहमति पत्र सौंपा, जिसमें साफ तौर पर कहा गया कि, “चिकनी उच्च प्राथमिक विद्यालय का किसी भी दशा में प्राथमिक विद्यालय चिकनी पर मर्जर स्वीकार नहीं है।” उन्होंने तर्क दिया कि वर्तमान विद्यालय में पर्याप्त भवन, संसाधन और शिक्षक हैं।
पूर्वजों की भावना जुड़ी है विद्यालय से
ग्रामीण भोला यादव ने बताया कि यह विद्यालय उनके दादा स्वर्गीय खूंटी यादव द्वारा दान दी गई भूमि पर स्थापित है। उन्होंने कहा कि यह भवन गांव की शैक्षणिक विरासत है, और इसके विलय से लोगों की भावनाएं आहत होंगी।

महिलाओं व रसोइयों ने भी जताया विरोध
निरीक्षण के दौरान कई महिलाएं, रसोइयां और अभिभावक भी उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में युग्मन का विरोध करते हुए कहा कि इससे बच्चों की पढ़ाई में बाधा आएगी और रसोइयों की आजीविका पर भी असर पड़ेगा।




