Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली में युवाओं को मिली विभाग की नई सुविधाओं की जानकारी…… एआरटीओ ने चैटबॉट के बारे में बताया WhatsApp पर 8005441222 नम्बर करें सेवा.…….……गुड समेरिटन’ योजना के तहत ऐसे मददगारों को मिलेगा 5000 रुपये का ईनाम

चंदौली।

परिवहन विभाग अब तकनीक के सहारे आम लोगों को और अधिक सुविधाएं देने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) डॉ. सर्वेश गौतम ने चंदौली शहर के तेज लाइब्रेरी में अध्ययनरत युवाओं को परिवहन विभाग द्वारा हाल ही में शुरू किए गए चैटबॉट सुविधा और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

उन्होंने कहा कि अब परिवहन संबंधी सामान्य जानकारी प्राप्त करने के लिए विभाग का चैटबॉट नंबर 8005441222 सेव करें। इस नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी के पंजीकरण, फिटनेस, टैक्स समेत तमाम सेवाओं की जानकारी सरलता से प्राप्त कर सकता है।

सड़क सुरक्षा को लेकर युवाओं को जागरूक करते हुए एआरटीओ ने कहा, “हादसों में घायलों की मदद करने वालों को अब विभाग द्वारा सम्मानित किया जाएगा। ‘गुड समेरिटन’ योजना के तहत ऐसे मददगारों को 5000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें किसी भी कानूनी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। मानवता के नाते यदि कोई व्यक्ति घायल की मदद करता है, तो अब उसे सम्मान मिलेगा, परेशान नहीं किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के बाद पहले एक घंटे को ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है, और यदि उस समय सही मदद मिल जाए तो कई जानें बचाई जा सकती हैं। यह केवल कानून नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है कि हम जरूरतमंद की मदद करें। एआरटीओ ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब भी दिया और उन्हें प्रेरित किया कि वे न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करें, बल्कि जिम्मेदार नागरिक भी बनें।

इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य का निर्धारण जरूरी है। बिना लक्ष्य के सफलता पाना संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिवहन नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील भी की। इस अवसर पर तेज लाइब्रेरी के संचालक राहुल के साथ लाइब्रेरी में अध्ययन कर रहे रोहित, बसंत, सुनील, नीरज, आयुष, अंकित, गुरु दयाल, सतीश सहित दर्जनों युवा मौजूद रहे। युवाओं ने परिवहन विभाग की पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *