कमालपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक शिक्षक के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने से सनसनी फैल गई। 42 वर्षीय सतीश तिवारी, निवासी थाना धीना अंतर्गत कमालपुर बाजार, 17 जून की सुबह रोज की तरह टहलने के लिए निकले थे, लेकिन फिर घर नहीं लौटे।
परिजनों ने बताया कि सुबह 5 बजे वे घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। अंततः थक-हार कर उनके पिता विशेश्वर तिवारी ने धीना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार निषाद ने बताया कि शिक्षक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मोबाइल लोकेशन ट्रेस की जा रही है।