Tuesday, July 14, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

दर्दनाक हादसा- झपकी बना कॉल, टक्कर के बाद लगी आग….5 लोगों की हुई मौत, एक की हालत नाज़ुक, नहीं रुक रहें आंसू

शादी समारोह से लौट रहे थे दिल्ली, नींद की झपकी बनी काल

बुलंदशहर, लखनऊ । बुधवार सुबह बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और जले हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा जहांगीराबाद-बुलंदशहर मार्ग पर गांव चांदौक चौराहा के पास हुआ। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार एक मासूम समेत पांच लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

ये थे सवार – लौट रहे थे दिल्ली

मरने वालों में मोमिना, तनवीज अहमद, निदा उर्फ जेवा, जुबेर अली और दो वर्षीय मासूम जैनुल शामिल हैं। घायल युवती की पहचान गुलनाज के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सभी लोग बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के चमनपुरा और खैरपुर बल्ली गांव के निवासी थे और दिल्ली के मालवीय नगर लौट रहे थे। वे बदायूं में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस जा रहे थे।

ड्राइवर को आई नींद की झपकी

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया गया है। सुबह करीब 5:50 बजे कार पुलिया से टकराई और दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिसमें सवार लोग बाहर निकल नहीं सके और जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

एसपी ग्रामीण तेजवीर सिंह ने बताया…

“सुबह 5.50 बजे हमें हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने राहत कार्य शुरू किया। पांच लोगों की मौत हो चुकी है और एक घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। कार में लगी आग के कारण यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।”

शोक में डूबा गांव

हादसे की खबर सुनते ही गांवों में मातम छा गया है। एक ही परिवार के कई लोगों की एक साथ मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की बात कही गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *