Tuesday, July 14, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली – चाउमिन खाने बाजार गई विवाहिता हुई फरार, दो दिन बाद पहुंची थाने…..प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी, पति और परिवार रहे हैरान

थाने में घंटों चली पंचायत, नहीं निकला समाधान

मुगलसराय (चंदौली)।

पति के साथ बाजार गई विवाहिता अचानक गायब हो गई और दो दिन बाद सीधे कोतवाली पहुंची। वहां उसने जो कुछ कहा, उससे ससुराल और मायके दोनों पक्षों में खलबली मच गई। महिला ने साफ तौर पर पुलिस के समक्ष कहा कि वह अब अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है, न कि अपने पति के साथ।

घटना मुगलसराय कस्बे की है, जहां विवाहिता अपने पति के साथ चाउमिन खाने और खरीदारी के लिए बाजार गई थी। बाजार में भीड़ के बीच वह अचानक पति की आंखों से ओझल हो गई। पहले पति ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो मामला थाने तक पहुंच गया।

थाने पहुंची विवाहिता, बोली- अब पति के साथ नहीं रहना

गायब होने के दो दिन बाद महिला खुद कोतवाली पहुंची। इसकी जानकारी मिलते ही उसके पति, ससुराल और मायकेवाले भी थाने पहुंच गए। वहां घंटों तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत चली, जिसमें कई रिश्तेदार भी मौजूद रहे।

विवाहिता ने दो टूक कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है और पति के साथ अब कोई संबंध नहीं रखना चाहती। पति ने आरोप लगाया कि विवाहिता का पहले से ही किसी युवक से प्रेम संबंध था और उसी के चलते जल्दबाज़ी में उससे शादी कराई गई थी।

पुलिस के सामने विवाहिता ने नहीं बदला फैसला

पुलिस और परिजनों की तमाम समझाइश के बाद भी विवाहिता अपने फैसले पर अडिग रही। अंततः परिजन उसे अपने साथ मायके ले गए। 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *