Friday, July 31, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

“चंदौली मेडिकल कॉलेज में अनोखी मिसाल: प्रधानाचार्य ने खुद नहीं, सफाईकर्मी से कराया डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन”

सफाईकर्मी के हाथों हुआ डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन, बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज की पहल बनी मिसाल

चंदौली। बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। महाविद्यालय में मरीजों की बेहतर सुविधा के लिए दो अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीनों का शुभारंभ किया गया। साथ ही डायलिसिस यूनिट का सुंदरीकरण कर उसकी क्षमता बढ़ाई गई तथा मरीजों के लिए बेडों की संख्या में भी इजाफा किया गया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायी पल उस समय आया, जब महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अमित सिंह ने डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन स्वयं करने के बजाय संस्थान के सफाई कर्मचारी जनार्दन प्रसाद के हाथों कराया। इस अनूठी पहल ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। उपस्थित लोगों ने इसे सम्मान, समानता और सेवा भावना का सशक्त संदेश बताया।

प्रधानाचार्य डॉ. अमित सिंह ने कहा कि अस्पताल की बेहतर कार्यप्रणाली में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियनों और सफाई कर्मचारियों सहित प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य डॉ. नैंसी पारुल सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ चिकित्सक, विभागाध्यक्ष, अन्य डॉक्टर, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि नई सुविधाओं के शुरू होने से चंदौली समेत आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *