Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौलीवाराणसी

जल्दी अमीर बनने के लालच में बने ‘डकैत’, चंदौली पुलिस ने चार शातिर दबोचे…….छात्रों ने रची लूट की पटकथा, मुनीब से ₹1.34 लाख की लूट का खुलासा……देव सरकार चढ़ा पुलिस के हत्थे,

चंदौली। जल्द अमीर बनने और शौक पूरे करने की चाहत ने पढ़ाई कर रहे युवकों को अपराध की राह पर धकेल दिया। पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर मुनीब से हुई ₹1.34 लाख की सनसनीखेज लूटकांड का चंदौली पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹60 हजार नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन तथा लूटा गया बैग बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 21 मई को वाराणसी निवासी महताब अहमद ने थाना मुगलसराय में तहरीर देकर बताया था कि वह एक फर्म का मुनीब है और दुकानदारों से तगादा वसूली कर वापस लौट रहा था। ग्राम चौरहट मुख्य सड़क पर दो बाइक सवार पांच युवकों ने पीछे से धक्का देकर उसे गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब ₹1.34 लाख नकद थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर ओपी गार्डेन के सामने घेराबंदी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के पीछे अंदरूनी सूचना काम कर रही थी। कलेक्शन का काम करने वाला एक युवक मुनीब की गतिविधियों और हर सप्ताह होने वाली वसूली की जानकारी रखता था। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वाराणसी और बिहार से जुड़े चार युवकों के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी छात्र हैं, लेकिन जल्दी अधिक पैसा कमाने और महंगे शौक पूरे करने की चाहत में अपराध की दुनिया में उतर गए। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि लूट की रकम छह लोगों में बांटी गई थी और कुछ धन खर्च भी कर दिया गया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर रास्ते में फेंका गया बैग भी बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी किसी अन्य वारदात की फिराक में थे, तभी टीम ने उन्हें दबोच लिया। मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *