चंदौली में भीषण हादसा – दो लोगों की हुई मौके पर मौत…….5 हुए गम्भीर रूप से घायल, चीख पुकार सुन पड़े लोग
चंदौली।
नौगढ़ थाना क्षेत्र के मझदूर मार्ग पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उस पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवारों समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार सोनभद्र के मझदूर से नौगढ़ की ओर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी, जिस पर चालक सहित चार लोग सवार थे। ट्रैक्टर के पीछे एक मोटरसाइकिल भी चल रही थी, जिस पर एक महिला और बच्चे सहित तीन लोग सवार थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी।

टक्कर लगते ही बाइक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर के बोनट पर बैठे नौगढ़ थाना क्षेत्र के नगू राम (72) और झुमरिया गांव निवासी राम लखन (61) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायलों का इलाज सोनभद्र जिला अस्पताल में चल रहा है।




