Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया में व्यापार मंडल चुनाव की सियासत गरम, अध्यक्ष पद पर चार दावेदार…… गहमागहमी के बीच कुल 10 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

चकिया, चंदौली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की चकिया इकाई के गठन को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। 25 जनवरी को प्रस्तावित चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान कस्बे में दिनभर गहमागहमी बनी रही। व्यापारियों और समर्थकों की भीड़ से माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया।

अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें पूर्व सभासद अनिल केशरी, वर्तमान सभासद रवि गुप्ता, युवा व्यापारी विष्णु जायसवाल तथा शुभम मोदनवाल शामिल हैं। महामंत्री पद पर सुनील कुमार, मनोज चौहान और सेराज अहमद ने पर्चा दाखिल किया है, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए अंकित कुमार, धनश्याम कसौधन और सद्दाम चुनावी मैदान में हैं।

बताया गया कि व्यापार मंडल चुनाव में 1200 से अधिक व्यापारी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष का चयन करेंगे।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान दर्जनों आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनका दोपहर तीन बजे तक एक-एक कर निस्तारण किया गया। इसके बाद उम्मीदवारों ने क्रमवार अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस मौके पर जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरी, आलोक जायसवाल, महबूब आलम, शहाबगंज इकाई अध्यक्ष कुंदन चौहान, राकेश मोदनवाल तथा वर्तमान अध्यक्ष मोहन वर्मा मौजूद रहे।

चुनाव अधिकारी चंदेश्वर जायसवाल ने बताया कि “नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी कराई गई है। प्राप्त सभी आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण कर दिया गया है। सोमवार को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, इसके बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी। 25 जनवरी को मतदान निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जाएगा।”

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *