Friday, August 21, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया में हैवान ने डेढ़ वर्ष की बच्ची के साथ किया रेप, आक्रोशित हुए व्यापारी व लोग

मासूम से दुष्कर्म के आरोप में हैवान गिरफ्तार , मेडिकल में देरी पर भड़के लोग

चकिया से चंदौली भेजा, वहां से फिर चकिया लौटाया गया

 मंत्री और विधायक के हस्तक्षेप के बाद हुआ मेडिकल

 विरोध में व्यापारियों ने बंद रखीं दुकानें

चकिया (चंदौली)। नगर में डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप की घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक टाफी दिलाने के बहाने बच्ची को अपने साथ ले गया। बाद में बच्ची की हालत देखकर स्वजन के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल कराने में हुई देरी और चकिया से चंदौली तथा चंदौली से दोबारा चकिया भेजे जाने को लेकर स्वजन और स्थानीय लोग भड़क उठे। विधायक और प्रभारी मंत्री के हस्तक्षेप के बाद बच्ची का मेडिकल कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब आठ से साढ़े नौ बजे के बीच बच्ची घर के आसपास थी। इसी दौरान पड़ोसी मोहन प्रजापति पुत्र स्वर्गीय छेदी प्रजापति टाफी दिलाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद वह बच्ची को लेकर आटो से वापस आया। बच्ची की हालत देखकर उसकी दादी घबरा गईं। उन्होंने बनारस में काम कर रहे बच्ची के पिता को सूचना दी। इसके बाद 112 नंबर पर पुलिस को जानकारी दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी लेने के बाद परिजनों को कोतवाली बुलाया। वहां आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी गई। पुलिस ने बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा।

मेडिकल के लिए घंटों भटकते रहे पिता

मेडिकल को लेकर स्वजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चकिया के जिला संयुक्त चिकित्सालय से बच्ची को मेडिकल के लिए चंदौली भेजे जाने की बात कही गई। स्वजन बच्ची को लेकर चंदौली पहुंचे तो वहां से चकिया में मेडिकल कराने की बात कही गई। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे महिला पुलिसकर्मियों की टीम बच्ची को लेकर दोबारा चकिया अस्पताल पहुंची। यहां भी चंदौली भेजने की बात सामने आने पर स्वजन और मौके पर मौजूद लोग नाराज हो गए।

मेडिकल के लिए पीड़िता बच्ची के पिता को घंटों इंतजार करना पड़ा। चकिया से चंदौली और फिर चंदौली से चकिया भेजे जाने को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। मामला क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य तक पहुंचा तो उन्होंने तत्काल सीएमएस से वार्ता कर बच्ची का मेडिकल कराने के निर्देश दिए।

वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता उर्फ आशु और भाजपा जिला कोषाध्यक्ष कैलाश प्रसाद जायसवाल ने मामले की जानकारी प्रभारी मंत्री संजीव गोंड को दी। मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दिल्ली में मौजूद नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने भी सीएमएस से वार्ता कर तत्काल मेडिकल कराने को कहा। इसके बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। सीएमएस से वार्ता के बाद चिकित्सक डॉ. रोमा ने बच्ची का मेडिकल किया।

आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

विरोध में बंद रहीं दुकानें

घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णु जायसवाल, सपा नेता दशरथ सोनकर, राकेश मोदनवाल, मोहन वर्मा, प्रीतम जायसवाल, राजू वर्मा और दीपक चौहान की देखरेख में व्यापारी गांधी पार्क तिराहे पर एकत्र हुए। व्यापारियों ने आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

गांधी पार्क तिराहे पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी ने व्यापारियों व स्थानीय लोगों से वार्ता कर मामले की जानकारी दी तथा नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घटना को लेकर नगर में दिनभर चर्चा और आक्रोश का माहौल बना रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *