चकिया में चंदौली सांसद ने दिया बड़ा बयान, 2027 में बनेगा पीडीए की सरकार, आपकी ताकत देखकर अभी से घबराई है……. उनको आज भी याद आता है 2024 वाला चुनाव, पीडीए जनपंचायत में जुटा वनवासी समाज
चकिया (चंदौली)। नगर स्थित ग्रीन गार्डेन लॉन में बुधवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जनपंचायत वनवासी समाज का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में वनवासी समाज के लोगों के साथ सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। जनपंचायत में सामाजिक न्याय, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि वनवासी, पिछड़े और दलित समाज की एकजुटता ही सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी ताकत है। समाज के सभी वर्गों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। पीडीए की विचारधारा बराबरी, सम्मान, सामाजिक न्याय और सत्ता में भागीदारी की लड़ाई है।
चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार जनविरोधी है और जनता का वर्तमान सरकार से पूरी तरह मोहभंग हो चुका है। पीडीए जनपंचायत का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को समझना और उन्हें मजबूती से उठाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की। 2027 में बनेगा पीडीए की सरकार।
जनपंचायत में वनवासी समाज के अधिकारों के साथ महंगाई और बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा युवाओं के भविष्य को लेकर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की भागीदारी को लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।









