चकिया – पंचायत सहायक की नौकरी के साथ तैयारी, शिवम बने ग्राम पंचायत अधिकारी, चकिया के लाल ने क्षेत्र का नाम किया रोशन
नगर के शिवम गुप्ता ने हासिल की सफलता, चयन पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी
चकिया (चंदौली)। नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना आसान नहीं होता, लेकिन चकिया के युवक शिवम गुप्ता ने मेहनत और लगन से इसे संभव कर दिखाया। बलिया गांव में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत शिवम का उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की चयन प्रक्रिया के तहत ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर चयन हुआ है। चयन की जानकारी मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
शिवम कैलाश प्रसाद (आचार्य) के पुत्र हैं। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज चकिया-चंदौली से शिक्षा प्राप्त करने के बाद इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद पंचायत सहायक के रूप में सेवाएं देते हुए उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी। नौकरी की जिम्मेदारियों के बीच समय निकालकर नियमित पढ़ाई की और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा।

शिवम ने बताया कि नौकरी के कारण पढ़ाई के लिए समय सीमित मिलता था। इसके बावजूद उन्होंने नियमित अध्ययन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। कठिनाइयों के बीच भी तैयारी जारी रखी और आखिरकार मेहनत का परिणाम मिला। ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर चयन होने से उनका सरकारी सेवा में जाने का सपना पूरा हुआ।

शिवम के चयन की खबर के बाद नगर की कालिखधाम कालोनी स्थित आवास पर बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता उर्फ आशु, राजन गुप्ता, सभासद रवि गुप्ता, मनोज गुप्ता, साहू समाज अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, राजकिशोर गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता, सोनू, मोसू प्रजापति और रोहित विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों ने पहुंचकर पिता कैलाश प्रसाद और शिवम गुप्ता को माला पहनाकर व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। लोगों ने मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि शिवम ने नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सफलता हासिल कर युवाओं के सामने उदाहरण पेश किया है। उनकी उपलब्धि से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई कि शिवम नई जिम्मेदारी का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे।शिवम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।







