चकिया – किसान बनकर पहुंचे तहसीलदार, खाद विक्रेताओं में मचा हड़कंप……भूमिहीन को आधार कार्ड पर बेच दी यूरिया, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति, डीएम को भेजी गई रिपोर्ट
चकिया, चंदौली। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर शिकंजा कसने के लिए चकिया तहसीलदार देवेंद्र ने बुधवार को किसान का वेश धारण कर सैयदपुर क्षेत्र की खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से गायब हो गए।
निरीक्षण के दौरान पीपी खाद भंडार, सैदूपुर पर गंभीर अनियमितता उजागर हुई। जांच में पाया गया कि एक भूमिहीन व्यक्ति को केवल आधार कार्ड के आधार पर यूरिया खाद बेच दी गई, जबकि नियमानुसार भूमि का सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया का पालन आवश्यक है। मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार ने संबंधित अभिलेखों की जांच कराई।
प्रथम दृष्टया अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित दुकान के लाइसेंस को निरस्त किए जाने की संस्तुति करते हुए विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के नाम पर खाद की कालाबाजारी, फर्जी बिक्री अथवा नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसीलदार ने कहा कि जनपद में खाद-बीज की दुकानों पर इसी प्रकार औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी विक्रेता के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी