पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन व वन विभाग की संयुक्त पहल, पौधरोपण अभियान के सातवें दिन उमड़ा जनसहयोग *हरियाली की अलख: बुद्ध पार्क में पौधरोपण कर लोगों ने लिखा प्रकृति संरक्षण का नया अध्याय
हरियाली का संकल्प बना जनअभियान, बुद्ध बिहार पार्क पास लगे फलदार व छायादार पौधे
पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन व वन विभाग की संयुक्त पहल, पौधरोपण अभियान के सातवें दिन उमड़ा जनसहयोग
हरियाली की अलख: बुद्ध पार्क में पौधरोपण कर लोगों ने लिखा प्रकृति संरक्षण का नया अध्याय
प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है- पर्यावरण प्रेमी अर्चना
पौधरोपण के साथ उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं – ब्लाक प्रमुख शम्भू नाथ
-
11 जुलाई को ठाकुर बाग में होगा दस दिवसीय वृक्षारोपण संकल्प का समापन
चकिया, चंदौली। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित दस दिवसीय महा पौधरोपण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के सातवें दिन बुधवार को चकिया विकासखंड के मुजफ्फरपुर स्थित बुद्ध पार्क के समीप पोखरे के किनारे चकिया रेंज, काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के सहयोग से व्यापक पौधरोपण किया गया। इस दौरान आम, आंवला, बेल, जामुन, अमरूद, सागौन समेत अनेक फलदार एवं छायादार पौधे रोपित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे, पर्यावरण प्रेमी एवं समाजसेविका अर्चना तथा ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव ने पौधे लगाकर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजसेविका अर्चना ने कहा कि प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि मैंने 18 बिगहे में वर्षों पहले लगाए गए हजारों पौधे आज लोगों को फल, छाया और स्वच्छ हवा उपलब्ध करा रहे हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिए।





