Thursday, September 10, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चकिया – SDM विकास के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, फर्जी पते पर चल रहा था डायग्नोस्टिक सेंटर, छापेमारी में हुआ सील……सकलडीहा के पंजीकरण पर चकिया में हो रहा था संचालन, तीन अस्पतालों को अंतिम नोटिस; मचा हड़कंप

चकिया (चंदौली)। चकिया तहसील क्षेत्र में अवैध अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को शैलेपुर स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया। उपजिलाधिकारी विकास मित्तल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया, जिससे निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान शैलेपुर स्थित डायग्नोस्टिक सेंटर पर टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद तकनीशियन मौके से फरार हो गया, जबकि कोई चिकित्सक भी उपस्थित नहीं मिला। जांच में खुलासा हुआ कि केंद्र का पंजीकरण सकलडीहा के पते पर कराया गया था, लेकिन उसका संचालन चकिया क्षेत्र में किया जा रहा था। पूर्व से मिल रही शिकायतों और मौके पर मिली अनियमितताओं के आधार पर टीम ने डायग्नोस्टिक सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

इसके बाद संयुक्त टीम ने बाबा किनाराम हॉस्पिटल, सादुल्लापुर का निरीक्षण किया, जहां अस्पताल का शटर बंद मिला और कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था।

वहीं लक्ष्मी चैरिटेबल हॉस्पिटल, हर्ष हॉस्पिटल और ओम साईं हॉस्पिटल को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर बेसमेंट में संचालित बेड और अन्य अस्पताल संबंधी सामग्री को हटाकर नियमानुसार प्रथम तल या अनुमन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि समय सीमा के भीतर निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित अस्पतालों को सील करते हुए कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (नोडल) डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मानकों का उल्लंघन कर अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *