Tuesday, June 23, 2026
उत्तर-प्रदेशचंदौली

चंदौली एसपी का बड़ा एक्शन प्लान……मिलीभगत पर पुलिस भी नहीं बचेगी, लूट के चर्चित मामले को खुलने पर SP ने मुगलसराय थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी सहित अन्य को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित…….मात्र 12 घंटे बरामद करने मिला सम्मान……‘तस्कर नहीं बचेंगे, लापरवाह पुलिस भी नपेंगी’ एसपी का कड़ा संदेश

चंदौली।

चंदौली। जनपद में गोवंश तस्करी और अवैध कटान के खिलाफ पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि ऐसे अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने कहा कि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और गोवंश तस्करी में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

बॉर्डर पर 24 घंटे चेकिंग के आदेश

एसपी ने अंतर-जनपदीय और अंतर-राज्यीय सीमाओं पर चौबीस घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। गोवंश तस्करी के संभावित मार्गों को चिह्नित कर वहां बैरियर और औचक पिकेट लगाने को कहा गया।

तस्करों पर गैंगस्टर और NSA की तैयारी

अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने निर्देश दिया कि गोवंश तस्करी से जुड़े अपराधियों और माफियाओं को चिह्नित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अवैध संपत्तियों की कुर्की सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

खुफिया तंत्र और हिस्ट्रीशीटरों पर फोकस

एसपी ने बीट पुलिस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने पर जोर देते हुए कहा कि अवैध परिवहन और कटान की सूचनाएं समय रहते पुलिस तक पहुंचनी चाहिए। साथ ही गोवंश तस्करी के पुराने मामलों में जेल जा चुके अपराधियों की हिस्ट्रीशीट की समीक्षा और निगरानी तेज करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आई तो संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी।

सराहनीय कार्य पर पुलिस टीमों को मिला सम्मान

अपराध समीक्षा बैठक के बाद एसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मुगलसराय थाना में दर्ज लूट के चर्चित मामले (मु0अ0सं0 250/2026) का सफल अनावरण कर चार आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी जलीलपुर अजय कुमार, आरक्षी आयुष कुमार समेत एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की टीम शामिल रही।

इसके अलावा धानापुर पुलिस टीम को मात्र 12 घंटे के भीतर दो नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद करने पर नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *